बरेली। जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भुता पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹5450 नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार थाना भुता पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम शेखापुर स्थित प्रधान की बांस की बगिया के किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और करीब शाम 5:20 बजे पांच लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय कुमार निवासी शेखापुर थाना भुता बरेली, सब्बू निवासी चैना निट्टी अभयपुर थाना बीसलपुर पीलीभीत, प्रमोद कुमार निवासी सिसैया जलालपुर थाना बीसलपुर पीलीभीत, उवैश निवासी मीरपुर थाना बीसलपुर पीलीभीत तथा कलीम निवासी मीरपुर थाना बीसलपुर पीलीभीत शामिल हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में जुआ खेल रहे थे और उनके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस के पहुंचने पर उनके साथ मौजूद चार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना भुता पर जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।