बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र में ईसाइयों की पुलिया के पास शुक्रवार सुबह एक ई-रिक्शा पलटने से चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरी घायल सवारी प्राथमिक उपचार के बाद घर चली गई परिजनों के अनुसार 19 वर्षीय अनुज पुत्र रामनिवास थाना कोतवाली क्षेत्र की चौबे जी वाली गली, सिविल लाइंस का निवासी है और किराये का ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। शुक्रवार सुबह वह प्रभा टॉकीज के सामने स्थित स्कूल में बच्चों को छोड़ने गया था।बताया गया कि इसी दौरान उसका दोस्त मयंक मणिनाथ निवासी वहां आ गया और उसने ई-रिक्शा चलाने की इच्छा जताई। उसी समय उन्हें सेटेलाइट जाने के लिए सवारी मिल गई, जिसके बाद मयंक ई-रिक्शा चलाने लगा। आरोप है कि ईसाइयों की पुलिया के पास तेज रफ्तार में कट मारने के दौरान ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अनुज और एक महिला सवारी घायल हो गईं। घटना के बाद मयंक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अनुज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दूसरी घायल सवारी उपचार के बाद अपने घर चली गई।