बरेली। थाना भुता पुलिस ने सात वर्षीय छात्र की कुएं में गिरकर हुई मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रबंधन से जुड़े वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार 7 मई को ग्राम अंगदपुर खमरिया निवासी टिंकू बाबू पुत्र रामबहादुर ने सूचना दी थी कि उनका सात वर्षीय पुत्र लविश, जो कक्षा दो का छात्र था, स्कूल से बाहर लगे नल पर पानी पीने गया था। इसी दौरान वह नल के पास बने कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मामले में स्कूल स्टाफ और प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर थाना भुता में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस को शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से संबंधित अभियुक्त गांव की मुख्य सड़क पर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सुबह करीब 9 बजे अभियुक्त को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चिरौंजीलाल पुत्र भीमसेन निवासी ग्राम अदीनपुर थाना भुता के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वयं को आत्मानंद विद्या मंदिर का प्रबंधक बताया। हालांकि उसने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह अपना पक्ष न्यायालय में रखेगा।पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।