कैंसर पीड़ित की बेटी की शादी बनी मिसाल, घनघोर बारिश भी नहीं रोक सकी खुशियों की डोली
बदायूं। कैंसर पीड़ित होरीलाल की बेटी विमलेश की शादी ग्राम सिरसौली में सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बन गई। आर्थिक तंगी और बीमारी के बीच आयोजित यह विवाह समारोह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। भव्य पंडाल, शानदार सजावट और मेहमाननवाजी ने लोगों को यह एहसास तक नहीं होने दिया कि यह किसी गरीब परिवार की बेटी की शादी है।
घनघोर बारिश के बावजूद विवाह समारोह का उत्साह कम नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना रहा कि जैसे इंद्रदेव भी इस बेटी की विदाई मेंआशीर्वाद देने पहुंचे हों। देर शाम मौसम भी शांत हो गया और खुशियों के बीच विमलेश की डोली विदा हुई।समारोह में पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता पहुंचे और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। सांसद प्रतिनिधि अनिल यादव तथा बिल्सी विधायक प्रतिनिधि नवनीत उदयवीर ने भी गरीब कन्या को आशीर्वाद प्रदान किया।भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कई पदाधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना, सलारपुर ब्लॉक अध्यक्ष पप्पू सैफी, आरिफ गाजी, बृजपाल प्रजापति, सुरेश दीवान समेत दर्जनों कार्यकर्ता समारोह में मौजूद रहे। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने पत्नी सहित कन्यादान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।विवाह समारोह में दर्जनों प्रकार के व्यंजन परोसे गए और पूरे गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया। गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस आयोजन की खूब चर्चा रही। विवाह संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित प्रवण मिश्रा द्वारा संपन्न कराए गए। दूल्हा शिवम और दुल्हन विमलेश को ग्रामीणों ने आशीर्वाद देकर सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान कई लोगों ने प्रशासन, समाजसेवी संस्थाओं और उद्योगपतियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास स्थित गांव में इतना बड़ा सामाजिक आयोजन होने के बावजूद कोई प्रशासनिक अधिकारी या प्रमुख समाजसेवी संस्था का प्रतिनिधि नहीं पहुंचा।पूर्व फौजी रमेश पाल सिंह ने समाजसेवी संस्थाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बड़े उद्योगपति और संगठन केवल होर्डिंग और प्रचार तक सीमित रह गए हैं, जबकि गरीब और लाचार परिवारों की मदद के समय कोई सामने नहीं आता। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े लोग राजनीति में चंदा देते हैं, लेकिन जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग करने से पीछे हट जाते हैं।समारोह में पंचायती राज प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज सक्सेना, इंजीनियर विनीत कुमार शर्मा, रविंद्र पटेल, नीरज महेश्वरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस आयोजन को सामाजिक एकता और मानवीय सहयोग की अनूठी मिसाल बताया।















































































