बदायूं। भारतीय वैश्य महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को नगर में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 9 एवं 10 मई 2026 को एटा में आयोजित होने वाले वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं भव्य सम्मान समारोह की तैयारियों पर चर्चा करना तथा बदायूं जनपद के वैश्य समाज के लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित करना रहा। बैठक में समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती और राजनीतिक भागीदारी को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि वैश्य समाज अपनी राजनीतिक ताकत को पहचाने और संगठित होकर आगे बढ़े। उन्होंने आगामी चुनावों में वैश्य वर्ग के अधिक से अधिक उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने और उन्हें विजयी बनाने पर विशेष जोर दिया।राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संजीव कुमार वार्ष्णेय (बंटी बाबू) ने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन जैसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से परिवारों के बीच आपसी संबंध मजबूत होते हैं और सामाजिक एकता को नई दिशा मिलती है। उन्होंने वैश्य समाज से एकजुट होकर समाज की समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने का आह्वान किया।बैठक में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें राष्ट्रीय महासचिव सुबोध कुमार गोयल, जिला अध्यक्ष बदायूं अरविंद गुप्ता, जिला महासचिव उज्ज्वल गुप्ता एडवोकेट, शैलेश कुमार गुप्ता, संजीव कुमार गुप्ता, ललित कुमार वार्ष्णेय, राजीव Kumar Gupta, संजीव कुमार गुप्ता (DCG क्राइम), अरविंद अग्रवाल (जिला अध्यक्ष, VHP), मयूर गुप्ता, आर.के. राजन, सत्य नारायण गुप्ता (जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष), प्रमोद कुमार गुप्ता एवं कौशलेन्द्र गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।