बदायूँ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के ऐतिहासिक मंच पर आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद 2026” के प्रथम दिन जनपद बदायूँ के उभरते युवा नेता माणिक्य मौर्य (सुपुत्र हर प्रसाद मौर्य, निवासी कृष्णपुरी, सिविल लाइंस, बदायूँ) ने अपनी ओजस्वी वाणी से सदन को मंत्रमुग्ध कर दिया। उल्लेखनीय है कि इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल के माध्यम से किया गया है, जिसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ना है। प्रदेश के 75 जिलों से आए 375 मेधावी प्रतिभागियों के बीच माणिक्य मौर्य ने जिस प्रखरता और तार्किकता के साथ अपनी बात रखी, उसकी सराहना स्वयं विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और उपस्थित वरिष्ठ मंत्रियों ने भी की। मौर्य ने “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सशक्त बनाना” विषय पर अपना वक्तव्य देते हुए देश निर्माण के लिए एक ठोस दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।कौशल विकास (Skill Development) उद्यमिता (Entrepreneurship)नवाचार (Innovation)इनसे जोड़ते हुए माणिक्य ने कहा कि 2047 के स्वर्णिम भारत की नींव आज के युवा नेतृत्व और सही नीतिगत निर्णयों पर टिकी है। उनकी प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली थी कि पूरा सदन काफी देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। माणिक्य मौर्य की इस “गर्जना” ने यह साबित कर दिया है कि बदायूँ की मिट्टी में न केवल खेल और कृषि का कौशल है, बल्कि यहाँ के युवाओं में देश को नेतृत्व देने की बौद्धिक क्षमता भी है। ‘माय भारत’ अभियान के तहत मिली इस उपलब्धि ने जनपद का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।