निशुल्क जल सेवा शिविर के तीसरे दिन स्काउट गाइड ने भीषण गर्मी और तपती धूप में जल सेवा की
बदायूं : भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर चल रही निशुल्क जल सेवा शिविर के तीसरे दिन स्काउट गाइड ने भीषण गर्मी और तपती धूप में प्यास से व्याकुल यात्रियों, राहगीरों को शीतल जल पिलाकर राहत पहुंचाई। सेवा शिविर में दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही और स्काउट पूरे समर्पण भाव से लोगों की सेवा में जुटे रहे। जल संरक्षण का संदेश दिया।
जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि बढ़ती गर्मी और गिरते भूजल स्तर को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जल का सदुपयोग करे। सावधानियां अपनाकर जल को बचाया जा सकता है। घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूकता करें।पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में धरती पर पीने योग्य जल की लगातार कमी होती जा रही है। यदि समय रहते जल संरक्षण के प्रति लोग जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अनुपम उपहार है और इसकी एक-एक बूंद अनमोल है। हमें पानी को व्यर्थ बहाने से बचना चाहिए तथा वर्षा जल संचयन जैसे उपायों को अपनाकर जल संरक्षण की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य मानवता की सबसे बड़ी पहचान है और स्काउट-गाइड संस्था सदैव समाजहित में कार्य करती रही है।
जल सेवा शिविर में स्काउट गाइड ने दूरदराज से आए यात्रियों और राहगीरों को शीतल जल पिलाने के साथ लोगों को गर्मी से बचाव और जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया। सेवा कार्य की लोगों ने सराहना करते हुए संस्था के प्रयासों को मानवता की सच्ची मिसाल बताया।स्काउट संस्था के जिला मुख्यायुक्त एवं प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना, इंडियन स्काउट गाइड फैलोशिप के ओम प्रकाश शर्मा ने शिविर का निरीक्षण किया। आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस मौके पर शिक्षिका माहेपारा, महनाज, मोहिनी मौर्य, ताफिश, अनम, हुमैरा, शगूफी, अलफिशा, अलीशा, सचिन पाल, रुचित बाबू, सागर आदि मौजूद रहे।















































































