भाजपा विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने एक बार फिर ग्रामीणों को दी 1.5 करोड़ रुपये की सौगात
बदायूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की नीति को आगे बढ़ाते हुए बदायूँ विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को तेज गति दी जा रही है। इसी क्रम में शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का शुभारंभ किया।
विधायक श्री गुप्ता ने दातागंज मार्ग से सितावनगर तक लगभग 2.62 किलोमीटर लंबी सड़क का करीब 90 लाख रुपये की लागत से नवनिर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही टिकुरी से कल्लियाँ काज़िमपुर तक लगभग 1 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का करीब 67 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण प्रदेश में आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से जर्जर पड़ी इन सड़कों के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन मार्गों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
विधायक श्री गुप्ता ने यह भी कहा कि उनका संकल्प है कि बदायूँ विधानसभा क्षेत्र में कोई भी सड़क खराब न रहे। इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में अन्य जर्जर मार्गों को भी चिन्हित कर उनका निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण ही आज गांवों में तेजी से विकास हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामचरण पाल, श्री कृष्ण पाठक, विवेक सिंह,आर्यद्र पटेल, पुष्पेंद्र यादव,प्रधान सिवेंद्र यादव,हरवंश पाल,धनवीर सिंह,जे0ई0 भरत अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहे तथा विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र में खुशी की लहर और उत्साह का माहौल देखा गया।















































































