सहसवान: चारा डालने गई वृद्धा को उसकी पालतू भैंस ने हमला कर घायल कर दिया। चीख सुनकर पहुंचे लोगों ने महिला को बचाया और अस्पताल ले गए। यहां से इलाज को जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। नगर के मोहल्ला मोहउद्दीनपुर निवासी ओमवती (65) पत्नी तोतीराम शनिवार सुबह करीब सात बजे अपनी भैंस के लिए चारा डाल रही थी। तभी अचानक भैंस ने रस्सी तोड़कर ओमवती पर हमला कर दिया। भैंस ने वृद्धा को सींगों पर उठाकर पटक दिया महिला की चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े और महिला को बमुश्किल भैंस के चंगुल से बचाया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई।