बिल्सी। बाबा इन्टरनेशनल स्कूल में कक्षा पी.जी. से के.जी. तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए बड़े उत्साह और उमंग के साथ *“पिंक डे सेलिब्रेशन” का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर गुलाबी रंग की छटा में सजा हुआ दिखाई दिया, जिससे वातावरण अत्यंत आकर्षक और आनंदमय बन गया।कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चे पिंक थीम के सुंदर और मनमोहक परिधानों में सजे हुए थे। उनकी मासूम मुस्कान और उत्साह ने पूरे माहौल को और भी जीवंत बना दिया। शिक्षकों द्वारा बच्चों के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें रंगों की पहचान, छोटे-छोटे खेल, कविताएँ और रचनात्मक कार्य शामिल थे। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने न केवल आनंद लिया, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को भी उत्साहपूर्वक अपनाया।विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने सभी बच्चों को बताया पिंक डे का उद्देश्य बच्चों में रंगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनकी कल्पनाशक्ति को विकसित करना और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना था। इस आयोजन ने बच्चों को एक नया अनुभव प्रदान किया और उनके विद्यालय जीवन में खुशियों के रंग भर दिए।विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने बच्चों गुलाबी रंग के बारे में बताते हुए कहा गुलाबी रंग आंखो को शीतलता प्रदान करता है। वातावरण में ऊर्जा का संचार करता है। यह रंग मन में भी कोमल भावनाओं का संचार करता है। इस प्रकार के कार्यक्रम से बच्चों में सृजनात्मकता, टीम वर्क, आत्म-विश्वास और प्रतिस्पर्धा का विकास होता है तथा बच्चों को रंगों को पहचानने में आसानी भी होती है।इस अवसर पर प्रशासक अमित माहेश्वरी तथा समस्त स्टाफ मौजूद रहा |