बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र के गांव बडरई कुइयां निवासी ग्राम प्रधान योगेश कुमार का पुत्र शिवम सिंह की रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।बताया जाता है कि शिवम सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ रामगंगा नदी में नहाने के लिए गया था। नहाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते शिवम नदी में डूब गया। साथ गए तीनों दोस्तों ने घबराकर तुरंत परिवार वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों ने स्थानीय लोगों की मदद से रामगंगा नदी में शिवम की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शिवम को नदी से बाहर निकाला गया। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि शिवम मिलनसार स्वभाव का युवक था और उसकी अचानक मौत से पूरे गांव में गहरा दुख है। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया अपने घर ले गए।