बदायूं। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला क़बूलपुरा गौटिया में एक 10 वर्षीय बालक के अचानक लापता हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने बालक की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परेशान पिता ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, क़बूलपुरा गौटिया निवासी विकार पुत्र फासी उद्दीन का लगभग 10 वर्षीय पुत्र इरफान दिनांक 24 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9 बजे घर से अचानक कहीं चला गया और उसके बाद से वापस नहीं लौटा। बताया जा रहा है कि बालक की मां उस समय घर पर मौजूद नहीं थीं, जबकि पिता और बड़ा भाई रोज़ की तरह काम पर चले गए थे। इरफान घर में अकेला था। शाम करीब 4 बजे जब पिता घर लौटे तो इरफान को घर पर न पाकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन देर शाम तक बालक का कोई पता नहीं चल सका। लापता बालक इरफान का रंग गोरा बताया जा रहा है। वह घटना के समय तीर (तीन-चौथाई) पेंट और बनियान पहने हुए था। पीड़ित पिता ने थाना कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर अपने पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कर जल्द से जल्द उसकी तलाश कराने की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपने बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर बालक को खोजने की मांग की है।