बरेली। इज्जतनगर मंडल पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डाॅ. हरीश रैड़तोलिया के मार्गदर्शन में इज्जतनगर मंडल के संरक्षा एवं पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ इज्जतनगर के सदस्यों के संयुक्त सरंक्षा कार्यक्रम के तहत टीम द्वारा भोजीपुरा जंक्शन पर संरक्षा से संबंधित आम जनमानस एवं रेल यात्रियों को जागरुक करने के उद्येश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। समपार संख्या 228/सी पर भी स्काउट एवं गाइड, इज्जतनगर के सदस्यों द्वारा एक जन जागरुकता अभियान के द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरुक करने एवं रेल सुरक्षा और अनुशासन का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संरक्षा ज्ञान के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को रेलवे नियमों का पालन करने, फाटक बंद होने पर लाइन पार न करने, स्वच्छता बनाये रखने और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। ट्रेन में यात्रा के दौरान अपने साथ ज्वलनशील पदार्थ जैसें-स्टोव, गैस सिलेण्डर, केरोसिन, पेट्रोल, डीजल, विस्फोटक पदार्थ इत्यादि साथ लेकर यात्रा न करने, यात्रा के दौरान धूम्रपान न करने, ट्रेन के पायदान, छत, बफर एवं कंपलिंग पर बैठकर यात्रा न करने, अनाधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार न करने, मवेशियों को रेलवे ट्रैक के पास न चराने, केवल रेलवे फाटकों से ही ट्रैक पार करने और गेटमैन पर अनाधिकृत दबाव नहीं डालने एवं रेलवे ट्रैक एवं विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, रेलवे लाइन व किनारे पर न खेलने एवं बैठने के साथ-साथ रेल लाइन के पास पतंग न उड़ाने तथा ओएचई मास्ट को न छूने आदि के सम्बन्ध मे संरक्षा ज्ञान देकर जागरुक किया तथा संरक्षा से संबंधित पंपलेट भी वितरित किया । इस अवसर पर सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री हरिशंकर एवं भारत स्काउट एवं गाइड जिला सचिव श्री हरिशंकर सागर तथा रेल कर्मी एवं स्काउट-गाइड के सदस्य भारी संख्या में उपस्थित थे !