बरेली। 24 और 25 अप्रैल को होने वाले विशाल उर्स-ए-ताजुश्शरिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। लाखों जायरीनों की आमद को देखते हुए पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स की बड़ी तादाद में तैनाती की गई है। हर स्तर के अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। अपर पुलिस महानिदेशक ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए सतर्कता बरतने को कहा, वहीं डीएम और एसएसपी ने भी ड्यूटी के तौर-तरीकों को स्पष्ट करते हुए जिम्मेदारियों का बंटवारा किया। खास बात यह है कि 26 सितंबर 2025 के बलवा के बाद यह पहला बड़ा मौका है, जब बरेली में लाखों की भीड़ एकत्र होने जा रही है। दरगाह ताजुश्शरिया और मथुरापुर स्थित जमीयतुर रजा में उर्स के प्रमुख कार्यक्रम 24 और 25 अप्रैल को आयोजित होंगे। 24 अप्रैल को कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पहुंचेंगे। भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी सुन्नी मुसलमान इमाम-ए-अहले सुन्नत की बारगाह में हाजिरी देकर दुआ करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा, भड़काऊ नारेबाजी या बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार लोगों से बातचीत कर सख्त निर्देश दिए गए हैं कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।