बरेली। जनपद में पिछले दो वर्षों से गन्ना किसानों का बकाया भुगतान न होने को लेकर अब किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने किसान प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी बरेली को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान कराने की मांग उठाई। सुनीता गंगवार ने आरोप लगाया कि मिल मालिक के साथ-साथ गन्ना समिति भी किसानों के भुगतान में लापरवाही और साजिश में शामिल है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा मिल मालिक के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा कमजोर धाराओं में किया गया, जिससे गिरफ्तारी और दबाव की स्थिति न बन सके। उन्होंने मांग की कि गन्ना समिति के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए, क्योंकि करीब 24 हजार किसानों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस और गन्ना समिति मिलकर दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही हैं, जिसका खामियाजा किसान भुगत रहे हैं। इससे पहले भी संस्था द्वारा एडीजी, बरेली जोन को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया था। प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई न होने से नाराज किसानों ने चेतावनी दी है कि 27 अप्रैल को नवाबगंज तहसील में पुनः एकत्र होकर आंदोलन करेंगे। किसानों का आरोप है कि एक जनप्रतिनिधि की आपत्ति पर नीलामी प्रक्रिया रोक दी गई, जिससे उनका भुगतान अटक गया और वे पिछले दो वर्षों से आर्थिक संकट झेल रहे हैं।