बरेली। श्री गुरु नानक रिखी सिंह इंटर कॉलेज में बैसाखी महोत्सव बच्चों द्वारा हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें गिद्दा, भांगड़ा और जलियांवाला बाग हत्याकांड का मार्मिक चित्रण प्रमुख आकर्षण रहा। साथ ही बच्चों ने कविताओं के माध्यम से बैसाखी पर्व के महत्व को भी दर्शाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. उमेश गौतम उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कुंवर सिद्धराज सिंह एवं अधीर सक्सेना मौजूद रहे। मुख्य अतिथि डॉ. गौतम ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें स्वामी विवेकानंद की जीवनी से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर उस पर कार्य करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान कुंवर सिद्धराज सिंह ने प्रबंध समिति एवं गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े प्रमुखों को सम्मानित किया, जबकि अधीर सक्सेना ने बच्चों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रबंध समिति द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस अवसर पर सरदार परमजीत सिंह ओबरॉय, विशाल मेहरोत्रा, आनंद मोहन सिंह, मनजीत सिंह नागपाल, विष्णु शर्मा, अमरीश ग्रोवर, विजय खनिजों, सरदार प्रेनू सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के प्रधान, विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने अगले वर्ष इस महोत्सव को और भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प भी लिया।