बरेली। पीलीभीत रोड स्थित गोल्डन फार्म में कैंट विधानसभा द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के अंतर्गत नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित ‘नारी शक्ति बंधन विधानसभा सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबीता सिंह चौहान एवं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक द्वारा मुख्य अतिथि का दुशाला ओढ़ाकर एवं भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति का पुष्प वर्षा कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश की महिलाओं के सम्मान, अधिकार और आत्मविश्वास को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम है, जो “नारी तू नारायणी” के संकल्प को साकार करता है। मुख्य अतिथि डॉ बबीता सिंह चौहान ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान के लिए उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय निर्माण जैसी पहलें मील का पत्थर साबित हुई हैं। उन्होंने 33 प्रतिशत आरक्षण को महिलाओं के सम्मान की दिशा में बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी शशि वाला राठी ने की तथा संचालन डॉ तृप्ति गुप्ता ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।