बदायूँ में विहिप औऱ बजरंग दल ने जिहादी मानसिकता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया,नारेबाजी
बदायूँ। मालवीय आवास पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री ने कहा कि देश में कथित जिहादी मानसिकता, अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन पूर्ण रूप से पढ़कर सुनाया और सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इससे पहले सभी कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व देश की सामाजिक संरचना और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने कहा कि यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि एक गंभीर संकट का संकेत है। उनके अनुसार संगठित रूप से समाज की आस्था, संस्कृति और सामाजिक ढांचे पर प्रहार किए जा रहे हैं, जिन्हें अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
प्रांत गौ रक्षा प्रमुख संजीव प्रजापति ने विभिन्न राज्यों में सामने आए मामलों का हवाला देते हुए कहा कि सुनियोजित तरीके से युवतियों को निशाना बनाकर शोषण, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सार्वजनिक और सरकारी भूमि, रेलवे की जमीन सहित अन्य सुरक्षित स्थानों पर अवैध कब्जों को कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बताया।
मातृ शक्ति संयोजिका प्रतिभा गुप्ता ने मांग की कि ऐसी आपराधिक और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सार्वजनिक और सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने तथा जबरन धर्मांतरण और शोषण की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून लागू करने की मांग की गई।
इस मौके पर जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, महेशा सिंह, डीएन शर्मा, जिला सह संयोजक उत्कर्ष मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, जिला अध्यक्ष बिसौली अरविंद अग्रवाल, विशेष संपर्क प्रमुख नीरज शर्मा, सह मंत्री राजेश बाबू, राजीव साहू, आरके उपाध्याय, सह सेवा प्रमुख राजेश सपरा, राजीव जौहरी, मनोज राघव, प्रखंड मंत्री कादरचौक, अरुल प्रताप सिंह उसवा, अवनीश शर्मा (सत्संग प्रमुख बिसौली) सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।















































































