बदायूँ। खानकाह चिश्तिया साबरिया, न्यू मॉडर्न कॉलोनी, चित्रांश नगर (जिला पंचायत कार्यालय के पीछे), सिविल लाइंस, बदायूँ में 30वें जश्न-ए-साबिर पाक कलियरी एवं 451वें उर्स-ए-पाक हजरत सैय्यद अलाउद्दीन गुरदेजी का तीन दिवसीय भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह रूहानी आयोजन 16, 17 एवं 18 अप्रैल 2026 (बृहस्पतिवार, शुक्रवार व शनिवार) को आयोजित किया गया। उर्स का शुभारम्भ प्रतिदिन प्रातः राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिसने गंगा-जमुनी तहज़ीब और देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान देश-प्रदेश के नामचीन शायरों की मुशायरा गोष्ठी एवं प्रख्यात कव्वाल पार्टियों द्वारा प्रस्तुत सूफियाना कव्वाली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा चादरपोशी, लंगर-ए-आम, दुआख्वानी और महफिल-ए-समा का आयोजन भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। उर्स के दौरान हज़रत की दरगाह पर हजारों अकीदतमंदों ने फातिहा ख्वानी कर मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। पूरे आयोजन के दौरान माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक और अनुशासित बना रहा। मीडिया प्रभारी आदिल सैफी साबरी ने बताया कि इस रूहानी महफिल में हजारों की संख्या में जायरीनों ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि उर्स में अन्य प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन आते हैं, जिनके ठहरने, लंगर और अन्य व्यवस्थाओं का कमेटी द्वारा समुचित इंतज़ाम किया जाता है।