बरेली। खालसा साजना दिवस (बैसाखी पर्व) पर आज गुरुद्वारा श्री गुरू सिंघ सभा गुरू गोबिन्द सिंघ नगर (माडल टाउन) में हुए अमृत संचार में 28 प्राणियों ने अमृत पान कर गुरू गोबिन्द सिंघ साहिब के आदेश का पालन करते हुए उनके परिवार में शामिल होने का गौरव प्राप्त किया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर साहिब से आये पंज प्यारों ने सिक्ख रहित मर्यादा अनुसार अमृत पान करवाया। अमृत संचार के बाद गुरू का लंगर पंज पियारों के साथ बैठ कर संगत ने छका। सुबह हुए नियमित समागम, भाई लखविंदर सिंघ कैंथल ने बताया कि अमृत पान हर गुरसिख के लिए आवश्यक है, चूँकि जब गुरू गोबिन्द सिंघ जी ने आज के ही दिन श्री आनंदपुर साहिब में पांच अलग अलग जातियों, एवं अलग अलग प्रांतों से आये गुरसिक्खों को अमृत पान करवाया था, उन्होंने स्वयं भी उन पांच पियारों से अमृत पान किया था। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार मालिक सिंघ कालड़ा, महासचिव गुरदीप सिंघ बग्गा, राजेंदर सिंघ, बलविंदर सिंघ, मनदीप सिंघ, प्रभजोत सिंघ, जसवीर सिंघ ने अमृत पान करने वालों को बधाई दी। इसी के साथ गत 15 दिनों से चल रहे कार्यक्रमों का समापन हुआ।