बरेली। संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में उत्साह और उमंग का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा का नगर निगम गेट पर माननीय महापौर डॉ. उमेश गौतम ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जोरदार स्वागत किया।पुष्पवर्षा और जयकारों से हुआ अभिनंदन जैसे ही शोभायात्रा नगर निगम द्वार पर पहुँची, महापौर डॉ. उमेश गौतम ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने समर्थकों के साथ मिलकर शोभायात्रा में शामिल अनुयायियों पर पुष्पवर्षा की। ढोल-नगाड़ों और ‘बाबा साहब अमर रहें’ व ‘जय भीम’ के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय और गौरवशाली हो गया। समरसता का संदेशइस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि बाबा साहब के विचार और उनके द्वारा दिखाया गया समानता का मार्ग आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब और बाबा साहब के प्रति अटूट श्रद्धा इस भव्य आयोजन में साफ झलक रही है।शोभायात्रा में विभिन्न झाँकियों ने लोगों का मन मोह लिया। स्वागत कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षदों भाजपा के पदाधिकारी और भारी संख्या में गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने इस उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।