बरेली। प्राइवेट स्कूलों द्वारा बढ़ती फीस, महंगी किताबों और ड्रेस के विरोध में गरीब शक्ति दल ने जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन प्रमुख मनोज विकट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। मनोज विकट ने आरोप लगाया कि शहर के कई निजी स्कूल अभिभावकों से मनमानी फीस वसूल रहे हैं और निर्धारित दुकानों से ही महंगी किताबें व ड्रेस खरीदने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने ऐसे स्कूलों पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने बरेली जेल में बंद कैदियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा न मिलने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि बंदियों को समय पर उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो सकती है।उन्होंने बरेली में एम्स जैसे बड़े अस्पताल की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि आम जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।गरीब शक्ति दल ने प्रशासन से इन सभी समस्याओं पर जल्द कार्रवाई करने और आम जनता को राहत देने की मांग की है।ज्ञापन के दौरान चरन सिंह , संजीव सागर , बाबूराम, गिरीश चंद्र सक्सेना, सुरेश आदि मौजूद रहे।