बरेली। जनपद में तेज आवाज और नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए बरेली पुलिस ने मॉडीफाइड साइलेंसर व वाहन चेकिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में 23 से 25 मार्च तक चले इस अभियान में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हजारों वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। अभियान के दौरान जिले भर में 413 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 10,619 दोपहिया वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान 74 वाहनों में मॉडीफाइड साइलेंसर पाए गए। इनमें से 30 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 45 का चालान किया गया। इसके अलावा अन्य कारणों से 4,555 दोपहिया वाहनों के चालान भी किए गए। पुलिस ने मॉडीफाइड साइलेंसर के अलावा अन्य नियम उल्लंघनों में भी 8 वाहनों को सीज किया। चेकिंग के दौरान 7,768 संदिग्ध व्यक्तियों की भी तलाशी ली गई। इस दौरान एक व्यक्ति के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना किला में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसी क्रम में पुलिस ने मॉडीफाइड साइलेंसर बनाने, बेचने और लगाने वाली दुकानों पर भी शिकंजा कसा। जनपद में कुल 562 दुकानों की चेकिंग की गई, जिसमें 11 दुकानों से 15 मॉडीफाइड साइलेंसर बरामद किए गए। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी ।