बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक द्वारा थाना इज्जतनगर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। गुरुवार को हुए इस निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, मेस, कंप्यूटर कक्ष, थाना परिसर और कर्मचारी बैरकों का भौतिक रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान थाना कार्यालय में संचालित अभिलेखों की भी जांच की गई। निरीक्षण में अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया, हालांकि कुछ अभिलेखों को अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर ने अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और शासन की प्राथमिकताओं की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए।