बदायूँ। प्राथमिक विद्यालय गिधौल में वार्षिकोत्सव एवं रिपोर्ट कार्ड वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक के मेधावी छात्र-छात्राओं, जिन्होंने अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया, को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनेक पाल द्वारा बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में कक्षा 5 के समस्त विद्यार्थियों को, जो विद्यालय से विदा हो रहे हैं, भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उन्हें उपहार भी प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं प्रधानाचार्य श्री योगेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही।