बरेली। नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम मल्हपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय को पुनः संचालित कराने की मांग को लेकर सामाजिक संस्था ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की है। संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने ग्रामीणों के साथ नवाबगंज प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर स्कूल खोलने की मांग की। इस दौरान सुनीता गंगवार ने शिक्षा विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि विभाग क्षेत्रीय नेताओं के साथ मिलकर बच्चों के भविष्य और उनके शिक्षा के मौलिक अधिकार पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि शासनादेश होने के बावजूद एक किलोमीटर से अधिक दूरी वाले स्कूलों को खोलने में विभाग आनाकानी कर रहा है और फर्जी रिपोर्ट बनाकर स्कूल बंद किए गए हैं, जो एक बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है। उन्होंने बताया कि ग्राम मल्हपुर के स्कूल को घाटमपुर में मर्ज कर दिया गया है, जो गांव से करीब दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित है। बीच में खतरनाक नहर पड़ती है, जहां पिछले वर्ष एक बच्चे की डूबने से मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद शिक्षा विभाग ग्रामीणों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है। संस्था अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्कूल नहीं खोला गया तो इसके खिलाफ बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं संस्था के कोषाध्यक्ष वहीद अहमद अंसारी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन कर एक-एक स्कूल खुलवाया जाएगा, क्योंकि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर राम रतन गंगवार, ब्रह्मानंद गंगवार, खेमकरण गंगवार, जीनत अंसारी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।