बरेली। बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम मल्लपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय जुलाई माह से बंद चल रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्कूल खुलवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पैनी नजर सामाजिक संस्था से संपर्क कर संस्था अध्यक्ष सुनीता गंगवार को गांव बुलाया। ग्रामीणों ने बताया कि वे जुलाई से लगातार विद्यालय खुलवाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कई प्रार्थना पत्र दिए, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से मुलाकात की और लखनऊ तक जाकर गुहार लगाई, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय अब तक नहीं खुल सका। इस पर एडवोकेट सुनीता गंगवार ने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या अब सिस्टम नाम की कोई चीज नहीं बची है, जहां बच्चों के शिक्षा के मौलिक अधिकार का इस तरह हनन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता और अधिकारी अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर विद्यालयों को बंद करवाने की राजनीति कर रहे हैं, जिससे बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को संचालित कर शिक्षा का प्रबंध करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान में शिक्षा के अधिकार की अनदेखी की जा रही है। यह विद्यालय भी गंदी राजनीति की भेंट चढ़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय खुलवाने के लिए हरसंभव संघर्ष किया जाएगा और बच्चों के अधिकारों से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। संस्था के कोषाध्यक्ष वाहिद अहमद अंसारी ने कहा कि क्या अब हर स्कूल को खुलवाने के लिए धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा या फिर बड़े जनआंदोलन की जरूरत पड़ेगी। बताया गया कि एडवोकेट सुनीता गंगवार कल ग्रामीणों व बच्चों के साथ तहसील नवाबगंज पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगी और विद्यालय को शीघ्र खुलवाने की मांग करेंगी। इस दौरान संस्था के सक्रिय सदस्य ब्रह्मानंद गंगवार भी मौजूद रहे।