बदायूँ। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने आज स्थानीय सिनेमा हॉल में जिला पंचायत सदस्यों, महिला मोर्चा की पार्टी पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गौ माता की महिमा और भारतीय सांस्कृतिक भावनाओं पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ देखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में समाज को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म में गौ सेवा, भारतीय आस्था और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को प्रेरणादायी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। गौ माता भारतीय संस्कृति में श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक रही हैं, और उनके संरक्षण व सेवा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचना आवश्यक है। फिल्म प्रदर्शन के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी फिल्म की सराहना की और इसे समाज के लिए जागरूकता बढ़ाने वाला कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गौ संरक्षण और सामाजिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और वातावरण सांस्कृतिक उत्साह से भरपूर रहा।