जेएस पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह धूमधाम से हुआ
बदायूँ। जे एस (पी.जी.) कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर मनवीर सिंह, नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास कॉलेज, बदायूं उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य डॉ. निशि अवस्थी ने की, जबकि प्रबंधक नरेंद्र कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे तथा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर,दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी छविराम सिंह द्वारा सात दिवसीय शिविर की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की गई।

शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति अभियान, साइबर सुरक्षा जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, संक्रामक रोग जागरूकता, यातायात सुरक्षा अभियान तथा नारी सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए। रैली, नुक्कड़ नाटक, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर मनवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करती है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. निशि अवस्थी ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहने हेतु प्रेरित किया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकगण — अजय पाल सिंह, पूजा रानी, फिरदौस बी, बेबी तरन्नुम, सुधीर यादव, डॉ. अंशुमन गुप्ता, पूर्णिमा गौड़, योगेंद्र कुमार, आकाश कुमार, ललित सिंह, हिमांशु पाल, सना खान एवं कॉलेज मीडिया प्रभारी सुनील कुमार भास्कर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के उपप्राचार्य राहुल कुमार द्वारा किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।













































































