बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र के गांव खेड़ा में एक प्रसूता महिला के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता पूनम ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन से डिलीवरी होने के बाद उसके जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि पति रामगोपाल ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जबकि बेरहम चचिया सास ने उसके पैर पकड़ लिए। पीड़िता के अनुसार 27 जनवरी को उसने ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह घर आ गई थी और टांकों में लगातार दर्द बना हुआ था। तीन दिन पहले भी पति द्वारा मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत उसने थाना भमोरा में की थी। शिकायत के बाद से पति नाराज चल रहा था। महिला ने बताया कि वह बच्चे के जन्म पर बैंक से रुपये निकालने बरेली आई थी। लौटते समय ट्रेन छूट गई और बेटे को बुखार आ गया। उसने पति को फोन कर लेने आने को कहा, लेकिन वह नहीं आया। रात में टैम्पो से गांव पहुंचने पर इस बात को लेकर पति ने उस पर आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। बेरहम चचिया सास ने उसके पैर पकड़ लिए, जिससे वह बचाव भी नहीं कर सकी और पति ने हैवानियत की हद पार कर दी। महिला की हालत बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे भमोरा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि टांकों वाली जगह पर अत्यधिक दर्द है। पीड़िता के साथ एक महिला सिपाही को लगाया गया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।