बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने अवैध असलाह और कारतूस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी ने शराब के नशे में घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए तमंचे से फायर कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। जानकारी के अनुसार ग्राम सराय तल्फी थाना सीबीगंज निवासी श्री जीवन सिंह पुत्र सुखराम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात्रि करीब 11:30 बजे वह दावत से लौटकर अपने घर का दरवाजा खुलवाने के लिए बच्चों को आवाज लगा रहे थे। इसी दौरान गांव का ही धीरेन्द्र उर्फ धीरा पुत्र नन्हेलाल वहां पहुंच गया और शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने तमंचे से फायर भी कर दिया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 एवं थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी धीरेन्द्र उर्फ धीरा (उम्र लगभग 32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर एवं एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया। वादी की तहरीर एवं बरामदगी के आधार पर दिनांक 12 फरवरी को मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध उपरोक्त मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल यशवीर सिंह तथा कांस्टेबल ललित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरतने की बात कही है।