बरेली। नगर निगम कर्मचारियों द्वारा एक सरकारी राशन की दुकान एवं चैरिटेबल क्लिनिक को सील किए जाने के बाद क्षेत्र में हंगामा खड़ा हो गया। सुबह से सैकड़ों महिलाएं राशन लेने पहुंचीं, लेकिन दुकान पर सील लगी देख उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। बताया गया कि कई महिलाएं घंटों तक दुकान के बाहर खड़ी रहीं। गुस्से में आकर उन्होंने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं दी गई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान समाज सेवा मंच के अध्यक्ष एवं समाजसेवी नदीम शम्सी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जनता को भरपूर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, ऐसे में नगर निगम की त्रुटि के कारण आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। नदीम शम्सी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अपर नगर आयुक्त से वार्ता की। बातचीत के बाद सील खुलवा दी गई। इसके पश्चात महिलाओं को राशन वितरण शुरू कराया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। विरोध प्रदर्शन में शैली सक्सेना, मीनाक्षी, अनीता, कमल सक्सेना, सुधा, अंजू, अनीता, संजय अग्निहोत्री, अमित कुमार शर्मा, संजय सक्सेना समेत सैकड़ों महिलाएं शामिल रही।