शाहजहांपुर।स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज के वाणिज्य विभाग में चल रहे प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम के चौथे दिन “सफल नेतृत्व के लिए संप्रेषण कौशल” विषय पर विभाग के डॉ देवेंद्र सिंह, का व्याख्यान हुआ। उन्होंने कहा कि प्रभावी संप्रेषण कला के बिना सफल लीडर नहीं बना जा सकता है। उन्होंने संप्रेषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मौखिक तथा गैर-मौखिक संप्रेषण के विभिन्न पहलुओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।व्याख्यान के दौरान उन्होंने संप्रेषण में आने वाली सामान्य बाधाओं जैसे भय, कम सुनने की प्रवृत्ति और गलतफहमी पर भी चर्चा की तथा इनके समाधान के व्यावहारिक उपाय सुझाए। उन्होंने कहा कि स्पष्ट संप्रेषण न केवल दिशा-निर्देश देने में सहायक होता है, बल्कि इससे आत्म विश्वास में भी वृद्धि होती है, जो एक प्रभावी नेता की पहचान है। डॉ. सिंह ने जीवन में संवाद कौशल को बेहतर बनाने के लिए आत्मविश्वास, सक्रिय श्रवण और स्पष्ट अभिव्यक्ति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई ।इससे पूर्व डॉ रुपक श्रीवास्तव ने चन्दन तिलक व डॉ कमलेश गौतम ने पटका पहनाकर डॉ सिंह का स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ अनुराग अग्रवाल,डॉ. अर्चना गर्ग, डॉ राम शंकर पाण्डेय, डॉ बलवीर, डॉ केशव, डॉ अजय कुमार वर्मा आदि शिक्षक उपस्थित रहे।