बरेली। पिता की मृत्यु के बाद रंजना पर अपनी मां और दो छोटे भाई-बहनों की पूरी जिम्मेदारी आ गई। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रंजना ने हिम्मत नहीं हारी और पढ़ाई के साथ-साथ अपने भविष्य को संवारने में जुट गईं। रंजना ने एसएससी जीडी के तहत आईटीबीपी की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद भर्ती फिजिकल की तैयारी के लिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं एनआईएस कोच अजय कश्यप के मार्गदर्शन में अभ्यास शुरू किया। शुरुआत में फिजिकल रूप से कमजोर होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन परिवार की जिम्मेदारी और मजबूत इरादों ने उन्हें टूटने नहीं दिया। कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम यह रहा कि रंजना का चयन एसएससी जीडी आईटीबीपी के तहत हरियाणा प्रशिक्षण केंद्र के लिए हो गया। रंजना के परिवार में उनकी मां और दो छोटे भाई-बहन हैं। हरियाणा ट्रेनिंग सेंटर रवाना होने से पहले रंजना ने अपने कोच अजय कश्यप को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया। रंजना ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय कोच अजय कश्यप द्वारा दिए गए निशुल्क प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन को दिया। रंजना के आईटीबीपी में चयनित होने पर क्षेत्र के वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।