बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम मिलक में अवैध कॉलोनी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण किया, जबकि दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार डॉ. नफीस, इन्द्रपाल, तसलीम, पप्पन सहित अन्य द्वारा ग्राम मिलक में लगभग 45 बीघा क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मौके पर भूखण्डों का चिन्हांकन, सड़क, साइट ऑफिस और बाउंड्रीवाल का निर्माण पाया गया, जिसे ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा रामपुर रोड ग्राम मथुरापुर में आरिफ द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर में किए गए व्यवसायिक निर्माण तथा ग्राम मिलक में शहजाद द्वारा लगभग 1500 वर्गमीटर में बनाए जा रहे स्कूल भवन को सील किया गया। यह कार्रवाई सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता संदीप कुमार व प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के अंतर्गत की गई।