बरेली । नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम जादवपुर के बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय को पुनः खुलवाने की मांग को लेकर सामाजिक संस्था पैनी नजर की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने नवाबगंज प्रशासन को चौथा पत्र सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्यालय शीघ्र नहीं खोला गया तो 5 फरवरी से तहसील परिसर में बच्चों की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। एडवोकेट सुनीता गंगवार ने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग मिलकर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और उन्हें शिक्षा के मौलिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है। ग्राम में लगभग 60 से 65 बच्चे हैं जो स्कूल खुलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी लिखित पत्र सौंपा गया है। एक किलोमीटर से अधिक दूरी और रास्ते में नहर होने के बावजूद विद्यालय को जबरन बंद किया गया है, जो गंदी राजनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब तक स्कूल नहीं खुलेगा, आंदोलन जारी रहेगा और यह क्षेत्र के अन्य बंद विद्यालयों के लिए भी आवाज बनेगा।