बरेली। थाना किला क्षेत्र की छावनी निवासी करीब 70 वर्षीय विधवा बुजुर्ग महिला बानो ने अपने सगे बेटे व बहू पर धोखाधड़ी, मारपीट और जबरन घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि विधवा पेंशन बनवाने के बहाने उसे रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर धोखे से उसके मकान का दानपत्र बेटे के पक्ष में करा लिया गया। शिकायत के अनुसार, महिला अपने मकान में वर्षों से रह रही थी। छोटे बेटे मोहम्मद उमर व उसकी पत्नी शबाना ने पेंशन बनवाने का झांसा देकर 10 अप्रैल 2023 को उसे उपनिबंधक सदर प्रथम कार्यालय ले जाकर आधार कार्ड व अंगूठे के निशान लिए। बाद में पेंशन न मिलने पर पूछताछ करने पर टालमटोल की जाती रही। पीड़िता का आरोप है कि 14 जनवरी को बेटे, बहू व अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया तथा 1700 रुपये भी छीन लिए। बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह फिलहाल फुटपाथ पर जीवन बिताने को मजबूर है और जान का खतरा महसूस कर रही है। पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर मकान वापस दिलाने व आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।