बरेली। बदायूं रोड स्थित वृद्धजन आवास गृह (वृद्धाश्रम) में को उत्तर प्रदेश दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वृद्धाश्रम के अधीक्षक एम.एस. यादव ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है और निरंतर प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में उत्तर प्रदेश को संयुक्त प्रांत के नाम से जाना जाता था, लेकिन आज यह प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। एम.एस. यादव ने कहा कि प्रदेश की उन्नति में प्रत्येक नागरिक की अहम भूमिका है और सभी को अपने स्तर से सकारात्मक योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम को वृद्धाश्रम की प्रबंधक कांता गंगवार ने भी संबोधित किया और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक विरासत पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्टोर कीपर रचना चौहान, संतोष कुमार, मनोज कुमार, राखी मिश्रा सहित वृद्धाश्रम के सभी महिला एवं पुरुष संवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कांता गंगवार ने किया तथा अंत में रचना चौहान ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।