कूच बिहार ट्राफी के तीसरे दिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेजी से खेलते हुए बढ़ाया स्कोर
बरेली। एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे कूच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 मैच के दूसरे दिन बंगाल और उ.प्र. के खिलाड़ियों ने बेहतर क्रिकेट खेला। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने स्टेडियम में दर्शक भी पहुंचे। शाम 4.55 बजे कम रोशनी की अपील पर मैच रेफरी रेफरी प्रकाश भट्ट ने खेल रोका और पांच मिनट बाद तीसरे दिन का खेल समाप्त होने की घोषणा की। तीसरे दिन बंगाल की टीम 171 रन बना कर पैवेलियन लौटी। जबकि उ.प्र. ने 8 विकेट के नुकसान पर 216 रन का स्कोर बनाया। इस तरह तीसरे दिन उ.प्र. ने पहली पारी में बंगाल पर 45 रन की लीड हासिल की। उ.प्र. टीम को मैच जीतने के लिए अंतिम दिन शुक्रवार को लंच से पहले बड़ा स्कोर बना कर बंगाल को उसके अंदर समेटना पड़ेगा।
यू.पी.सी.ए. के निर्देश पर बरेली क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से श्रीराम मूर्ति स्मारक क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कूच बिहार ट्रॉफी के कोहरा प्रभावित मैच के तीसरे दिन मौसम ने खिलाड़ियों का साथ दिया। रोशनी और दृश्यता ठीक होने पर मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने अंपायरों से फैसला कर मैच कराने का फैसला किया। सुबह 10.20 बजे दोनों टीमें मैदान पर पहुंचीं। बंगाल टीम ने पहले दिन के स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 89 रन से आगे खेलना शुरू किया। आदित्य राय और अभिप्राय बिस्वास ने तेजी से रन बनाना शुरू किया। दोनों मिल कर 12 रन ही जोड़े थे कि आदित्य राय (40 रन, 44 गेंद, 4 चौके) यश पंवार का शिकार बने और युवराज को कैच दे बैठे। इसके बाद अभिप्राय बिस्वास (41 रन, 38 गेंद, 8 चौके) और विराट चौहान (32 रन, 29 गेंद, 4 चौके, एक छक्का) ही उ.प्र. के गेंदबाजों का सही से सामना कर पाए और टीम को सम्मान जनक स्कोर 171 पर पहुंचाया। 33.1 ओवर में बंगाल टीम पैवेलियन लौटी। शुरुआत में उ.प्र. के ओपनर अनमोल और शांतनु बंगाल के आक्रमण के आगे कुछ बेवस नजर आए। 13 गेंद खेलने के बाद भी कोई रन न बना पाने वाले शांतनु सिंह को सिद्धार्थ घोष ने 4.5 ओवर में बोल्ड कर बंगाल के लिए पहला विकेट हासिल किया। तब उ.प्र. का स्कोर सिर्फ 13 रन था। अब अनमोल का साथ देने पिच पर युवराज पहुंचे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी निभाई। विराट चौहान ने एलबीडब्ल्यू आउट कर युवराज (75 रन, 107 गेंद, 11 चौके, 2 छक्के) की आक्रामक पारी को समाप्त किया। उ.प्र. के स्कोर को बढ़ाने में अनमोल (68 रन, 146 गेंद, 11 चौके, एक छक्का), अयान अकरम (17 रन, 13 गेंद, 2 चौके), कप्तान भावी गोयल (24 रन, 35 गेंद, 4 चौके, एक छक्का) ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शाम 4.55 बजे 71 ओवर में जब उ.प्र. टीम का स्कोर 216 रन था, क्रीज पर बल्लेबाज के कृष्णा और यश पंवार ने कम रोशनी की अपील की। रेफरी ने पांच मिनट के बाद तीसरे दिन का मैच समाप्त होने की घोषणा की। कृष्णा और यश पंवार क्रमशः 15 और 4 रन पर अविजित लौटे।
इनसेट—–
डीआईजी समेत गणमान्य अतिथियों ने लिया खेल का आनंद
कूच बिहार ट्राफी के तीसरे दिन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने डीआईजी अजय साहनी, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी नार्थ चंद्र मुकेश मिश्रा, सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर अकरम सैफी, पूर्व रणजी खिलाड़ी मोहम्मद असलम खान, प्रेम प्रकाश अग्रवाल भी एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। सभी ने स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं की तारीफ की और खेल का आनंद लिया। इस दौरान बीसीए के संरक्षक एवं एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति, बीसीए के सेक्रेटरी सीताराम सक्सेना, सीनियर ज्वाइंट सेक्रेटरी ओपी कोहली, ट्रेजरार शहजाद अली, एसआरएमएस इंजीनियरिंग कालेज के प्रिंसिपल डा.प्रभाकर गुप्ता, डा.अनुज कुमार, डा.एमएस बुटोला, डा.शैलेश सक्सेना, डा.ऋतु सिंह, डा.सोवन मोहंती, बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य और आर्गनाइजिंग कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।













































































