बरेली। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में मोबाइल फोन झपटमारी की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन, अवैध तमंचा, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार रंजन निवासी डेलापीर थाना प्रेमनगर, बरेली का आईफोन 16 प्रो मोबाइल 17 दिसंबर 2025 को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा पीछे से झपट्टा मारकर छीन लिया गया था। इस संबंध में थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए 18 दिसंबर को तड़के 1:05 बजे पुरानी रेलवे लाइन के किनारे जनकपुरी क्षेत्र से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम पुत्र मूलचन्द्र निवासी ग्राम बबियापुर कारिस्तान धौराटांडा थाना भोजीपुरा जिला बरेली (हाल निवासी संजयनगर बारादरी) उम्र 22 वर्ष तथा विकास पुत्र टीकाराम निवासी ग्राम भैसौड़ी थाना मीरगंज जिला बरेली (हाल निवासी संजयनगर बारादरी) उम्र 26 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल संख्या यूपी 25 एम 2701 तथा लूटा गया आईफोन स्किन कलर बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई, वहीं आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया ।