बदायूँ। वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सिगंथरा में दबंग भूमाफियाओं द्वारा एक सहखातेदार की जमीन पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित रमेश पुत्र डम्बर निवासी ग्राम सिगंथरा ने आरोप लगाया है कि परगना सतासी स्थित गाटा संख्या 1417 (रकबा 0.045 हेक्टेयर) एवं गाटा संख्या 1418 (रकबा 0.160 हेक्टेयर) में वह सहखातेदार है, लेकिन दबंगों ने उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। पीड़ित के अनुसार चकबंदी की प्रक्रिया के दौरान वह हिमाचल प्रदेश में मजदूरी कर रहा था। उसी समय चकबंदी विभाग द्वारा उसके नाम का चक काट दिया गया, जिसका फायदा उठाकर गांव के ही दबंगों ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया। आरोप है कि रामेश्वर उर्फ रम्मू पुत्र रघुवीर निवासी ग्राम सिगंथरा थाना वजीरगंज आए दिन पीड़ित को गाली-गलौज करते हैं और मारपीट पर आमादा रहते हैं। दबंगों द्वारा लगातार धमकाए जाने और जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने से पीड़ित और उसका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। पीड़ित रमेश ने बताया कि उसने कई बार बिसौली उप जिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी बार-बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक उसकी जमीन को कब्जा मुक्त नहीं कराया जा सका है।पीड़ित का आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल की दबंगों से मिलीभगत के चलते राजस्व विभाग जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसी कारण उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है और वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है।पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी जमीन को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए और दबंग भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।