भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
बरेली। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की ओर से क्षेत्रीय किसानों की विभिन्न गंभीर समस्याओं को लेकर जिला अध्यक्ष तेजपाल गंगवार और किसान नेता अरुण राठी के नेतृत्व में किसानों ने जिला अधिकारी कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा । ज्ञापन में प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री के सशक्त एवं कठोर नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार हुआ है, जिससे आम जनता स्वयं को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। जिला अध्यक्ष तेजपाल गंगवार और किसान नेता अरुण राठी ने यह भी चिंता जताई गई कि वर्तमान समय में कुछ तथाकथित किसान संगठनों में आपराधिक पृष्ठभूमि के लोग पदों पर आसीन हो गए हैं, जो किसान हितों की आड़ में व्यापारियों से अवैध धन उगाही, गरीबों की भूमि पर कब्जा, टोल प्लाजा पर अव्यवस्था फैलाने तथा थानों पर अनावश्यक धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन पर दबाव बनाने जैसे कृत्यों में संलिप्त पाए जा रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रमुख मांगों में ग्राम हौसपुर 120-बी से संबंधित त्रुटिपूर्ण व्यवस्था को पूर्णतः सुधारने, पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर कोई समाधान न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। इसके साथ ही गन्ना क्रय केंद्रों पर लोडिंग अनलोडिंग शुल्क को तत्काल समाप्त करने की मांग की गई। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि शासन द्वारा अनुदानित बीज वितरण में कई किसानों को फर्जी तरीके से बीज दिए गए हैं तथा जिले में अब तक अंश निर्धारण विधिवत रूप से नहीं किया गया है। नबाबगंज चीनी मिल पर किसानों के कई वर्षों से लंबित भुगतान को शीघ्र दिलाने की मांग की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कहा गया कि जांच के लिए मरीजों को शहर भेजा जाता है, जबकि यूनिट स्तर पर ही आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त शीशगढ़ में रोडवेज बस अड्डा बनाए जाने, बसों की संख्या बढ़ाने तथा आवश्यक जीप सेवा शुरू करने की भी मांग की गई।













































































