बदायूं। नगर के उझानी रोड स्थित मदर्स पब्लिक स्कूल में बाल दिवस बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। यह दिन देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती के रूप में मनाया जाता है। नेहरू जी बच्चों से अत्यंत प्रेम करते थे, इसीलिए यह दिन बच्चों को समर्पित है। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या शीबा खान तथा उप प्रधानाचार्या डॉ दीपशिखा पंत के द्वारा दीप प्रज्वलन और नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के शिक्षकों ने विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने कविता , भाषण , संगीत तथा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। तथा किंडरगार्टन के शिक्षकों ने नन्हे मुन्ने बच्चों के लिए कैंपस पिकनिक का आयोजन किया। जिसमें शिक्षिका ने बच्चों के प्रति अपने प्रेम और स्नेह को दर्शाते हुए चाचा नेहरू का रूप धारण करके उनके जीवन तथा विचारों पर प्रकाश डाला। इसके बाद पांडा बनकर उनको खूब आनंदित किया। इस कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत मैजिक शो रहा जिसे देखकर बच्चे बेहद उत्साहित हुए और मंत्रमुग्ध रह गए। पूरे विद्यालय वातावरण में उल्लास फैल गया। इसके पश्चात शिक्षकों ने इस दिन को विशेष बनाने के लिए बच्चों के लिए एक स्कूल फेट का आयोजन किया जिसमें उन्होंने अलग-अलग तरह के फूड स्टॉल्स तथा गेम्स के स्टॉल्स लगाए। इस फेट में बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या शीबा खान ने सभी विद्यार्थियों बाल दिवस की शुभकामनाएं दी और नेहरू जी के जीवन और बच्चों के प्रति उनके स्नेह के महत्व को समझाया। विद्यालय की उप प्रधानाचार्या डॉ दीपशिखा पंत ने बताया कि बाल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि बच्चे हमारे देश का भविष्य है हमें उनके सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए। संपूर्ण विद्यालय में बाल दिवस का उत्सव बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास की चमक लेकर आया। यह दिन सभी के लिए यादगार बन गया और विद्यालय प्रांगण बच्चों की हंसी-खुशी से गूंज उठा।