नवाबगंज : पत्नी की गला रेतकर हत्या में पति-देवर पर शक, पुलिस ने अनिल को लिया हिरासत में
नवाबगंज थाना क्षेत्र की ओम सिटी कॉलोनी में हुई अनीता की हत्या के मामले में पुलिस के शक की सुई उसके पति अनिल और देवर सचिन पर अटक गई है। गुरुवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने अनिल को हिरासत में लेकर बरेली लाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को हत्याकांड का खुलासा किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव कमुआ निवासी अनिल ने पिछले साल नवंबर में अपने फुफेरे भाई की साली अनीता से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह अपने छोटे भाई सचिन और पत्नी अनीता के साथ ओम सिटी कॉलोनी के किराए के मकान में रहने लगा था। मंगलवार को अनीता की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला है कि अनीता को शक था कि अनिल के किसी दूसरी महिला से संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण अनिल ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस पूछताछ में अनिल ने अवैध संबंधों को लेकर विवाद होने की बात स्वीकार की है। थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, हत्या को लूट का रूप देने के लिए घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाया गया था। अनीता का मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है, जिसे खोजने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने अनिल और सचिन के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई है। अनीता शारीरिक रूप से मजबूत थी और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। फॉरेंसिक जांच से यह भी संकेत मिले हैं कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। घर में जगह-जगह खून के धब्बे और बिखरा सामान यह दर्शा रहे हैं कि अनीता ने खुद को बचाने के लिए जमकर संघर्ष किया होगा। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि शक के आधार पर पति अनिल से पूछताछ की जा रही है। हत्या में एक से अधिक लोगों के शामिल होने से इंकार नहीं किया जा सकता। जांच जारी है और जल्द खुलासा किया जाएगा।













































































