बरेली। सार्वजनिक स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रेमनगर पुलिस ने एसएसडी प्लाजा के समीप स्थित द शीशा ओसिस कैफे पर छापेमारी कर अवैध रूप से हुक्का (शीशा) और अंग्रेजी शराब परोसने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शाम 5:40 बजे मुखबिर की सूचना पर कैफे में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का एवं शराब परोसी जा रही थी। मौके से 6 हुक्का, 4 बोतल अंग्रेजी शराब और 50 फिल्टर पाइप बरामद किए गए। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में सुहैल (24) निवासी एयरफोर्स गेट नगरिया, थाना इज्जतनगर तथा अनस खान (21) निवासी कंजादासपुर, थाना इज्जतनगर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अनस के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में आरोपियों ने कैफे में अवैध रूप से हुक्का व शराब परोसने की बात स्वीकार की है। पुलिस टीम में निरीक्षक अपराध प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।