बरेली। समाज सेवा और भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे तेज़तर्रार युवा नेता शारिक अब्बासी को हिंदुस्तानी पसमांदा मंच का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शमशाद मीर एवं प्रदेश अध्यक्ष नूर हसन भाटी के निर्देश पर की गई। इस संबंध में मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रेस नोट जारी कर शारिक अब्बासी की नियुक्ति की घोषणा की। शारिक अब्बासी, जो कि बरेली के रोहिली टोला निवासी हैं, लंबे समय से समाजसेवा और भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं तथा विभिन्न दायित्वों पर रह चुके हैं। उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए शारिक अब्बासी ने कहा कि, “मुझ पर जो भरोसा जताया गया है, उस पर मैं खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। मेरा उद्देश्य पसमांदा समाज के पिछड़े तबकों को संगठन से जोड़कर उनकी आवाज़ को मजबूत करना है।” शारिक अब्बासी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं ने फोन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी।