बरेली। श्री गुलाब राय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की एक इकाई श्री गुलाब राय मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (नैनीताल रोड शाखा) के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “जीआरमेनियन इनसाइट” के 25वें अंक का विमोचन अपर महानिदेशक (एडीजी) बरेली जोन, श्री रमित शर्मा द्वारा किया गया। विमोचन कार्यक्रम एडीजी कार्यालय में आयोजित किया गया। पत्रिका का अवलोकन करने के बाद श्री शर्मा ने कहा कि बरेली अब शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है और गुलाबराय ग्रुप के संस्थान गुणवत्ता शिक्षा को बढ़ावा देकर छात्रों में बौद्धिक और नैतिक विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय पत्रिका यह दर्शाती है कि “आज के विद्यार्थी कितने रचनात्मक और बौद्धिक रूप से सक्षम हैं।” इस अवसर पर गुलाबराय ग्रुप के प्रबंधक राजेश जॉली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल, प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत तथा जूनियर विंग की समन्वयक विनीता सक्सेना उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने एडीजी को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी संस्था उत्कृष्ट शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहेगी।