बरेली। बरेली कॉलेज के अस्थाई कर्मचारियों ने स्थाई कर्मचारियों की तरह पूर्ण वेतन पर नियुक्ति देने की मांग उठाई है। इस संबंध में कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि कॉलेज में लगभग 150 अस्थाई कर्मचारी वर्षों से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतनमान की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर कई बार आंदोलन और तालाबंदी तक की गई, लेकिन प्रबंधन ने मांग पर ध्यान नहीं दिया। कर्मचारियों में आक्रोश तब और बढ़ गया जब 18 सितंबर को यह जानकारी सामने आई कि कॉलेज के दो अस्थाई तृतीय श्रेणी कर्मचारी रविन्द्र कुमार गुप्ता और शैलेष कुमार मिश्रा को पूर्ण वेतनमान लगभग 30 हजार रुपये प्रतिमाह से अधिक पर नियुक्त किया गया है। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि इस बारे में जब स्ववित्तपोषित निदेशक डॉ. ए.पी. सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नियुक्ति प्रबंध समिति के सचिव के आदेश पर हुई है। इससे अस्थाई कर्मचारियों में असमानता और गहरा रोष है। कर्मचारियों ने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर सभी अस्थाई कर्मचारियों को पूर्ण वेतनमान पर नियुक्ति नहीं दी जाती तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी निदेशक डॉ. ए.पी. सिंह और प्रबंध समिति सचिव पर होगी। मांग करने बालों में पूरन लाल, गंगाप्रसाद, सुनील कुमार,धर्मेंद्र कुमार , हरीश चंद्र मौर्य, मुन्ना लाल आदि मौजूद थे।