बरेली। पितृ पक्ष के अवसर पर पंजाबी महासभा बरेली की ओर से वर्ष 1947 के विभाजन में शहीद हुए उन लोगों का सामूहिक श्राद्ध आयोजित किया गया, जिनका न तो कोई अग्नि देने वाला था और न ही जिनका विधिपूर्वक पिंडदान हो पाया था।कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और शास्त्रोक्त विधि-विधान से तर्पण कर ईश्वर से शहीदों की आत्मा की शांति की कामना की गई। श्रद्धांजलि स्वरूप गरीब एवं जरूरतमंदों को पुरी, आलू, फल, खीर, जलेबी व वस्त्र आदि का दान भी किया गया। पंजाबी महासभा कई वर्षों से इस संकल्प के तहत यह कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। संगठन का मानना है कि सामूहिक श्रद्धांजलि पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है, जिससे पितृ दोष की शांति के साथ पितरों की आत्माओं को तृप्ति व मोक्ष की प्राप्ति होती है।इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष संजय आनंद, महामंत्री देवराज चंडोक, मीडिया प्रभारी अमित अरोड़ा, प्रिंस सोढ़ी, संजीव आनंद, सोनू अरोड़ा, रणजीत सिंह काका, रोमी सेठी, चड्ढा, राजेश मल्होत्रा, गुलशन आनंद, संजीव गुलाटी, संजीव सोई आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।