बेटे ने गला दबाकर किया पिता का कत्ल, करंट के झटके दिखाकर लोगों को किया गुमराह; रहस्य हुआ खुलासा
भदोही। भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली के गोपालपुर ऊपरवार गांव में जयशंकर दुबे की गला दबाकर हत्या की गई थी। उसके ही बेटे ने पहले गला दबाकर हत्या की। उसके बाद करंट लगाकर उसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मृतक के सबसे छोटे बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ये है पूरा मामला
कोतवाली के गोपालपुर ऊपरवार निवासी जयशंकर दुबे (45) गांव में बीते सात सितंबर को घर में ही औंधे मुंह गिरे हुए थे। बताया गया कि पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि अधेड़ की मौत करंट से नहीं, गला दबाने से हुई थी।
मामले की जानकारी होते ही पुलिस ने उनके बेटे कृष्ण शंकर दुबे को गिरफ्तार किया। घटना के समय चार बेटों में वही घर पर था। पूछताछ में उसने पिता के हत्या की बात कबूल की। प्रभारी निरीक्षक शैलेष राय ने बताया कि आरोपी कृष्णा शंकर दुबे मुंबई में रहकर कार्य करता था। वह कुछ दिन पहले ही घर से लौटा था। पिता के साथ उसका अक्सर संपत्ति को लेकर विवाद हो रहा था।
सात सितंबर को उसने पहले पिता की गला दबाकर हत्या की। उसके बाद उसे दुर्घटना का स्वरूप देने के लिए करंट के झटके दिए और शव को वहीं छोड़कर कमरे में सोने चला गया। सुबह उसने आसपास के लोगों को सूचना देकर नाटक किया। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद मामला खुल गया।
मृतक के सबसे छोटे बेटे राहुल दुबे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के चार बेटों में बीते साल एक बेटे की मौत हो गई थी। वहीं दो भाई बाहर रहते हैं। आरोपी कृष्णा शंकर दुबे घर पर पिता के साथ रहता था।













































































